जम्मू। सेना व जम्मू-कश्मीर पुलिस के बीच परिचालन समन्वय और बढ़ेगा। इस उद्देश्य के साथ 1100 परिवीक्षाधीन पुलिस अफसरों के लिए संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें डीएसपी और एसआई रैंक के पुलिस अधिकारी हैं, इसमें महिला अफसर भी शामिल हैं।
डोडा जिले के भालरा क्षेत्र में व्हाइट नाइट कोर बैटल स्कूल में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और शांति को बढ़ावा देने की दिशा में यह अहम कदम है। सेना व पुलिस के बीच तालमेल बढ़ाने व एक-दूसरे की ताकत, लोकाचार, संस्कृति को समझने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। पुलिस महानिदेशक आरआर स्वैन ने कहा कि लोगों से जुड़ने, सुरक्षा में सुधार करने की हमारी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए यह प्रशिक्षण आयोजित किया है। इसमें पुलिस विभाग में शामिल नए 1042 एसआई व 62 डीएसपी (प्रोबेशनर्स) को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें 128 महिला अधिकारी भी हैं, जिसमें 19 डीएसपी व 109 एसआई शामिल हैं। डीजीपी ने उत्तरी कमान को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं। कहा कि यह सेना व पुलिस के बीच परिचालन तालमेल में सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम है। ब्यूरो