5.86 लाख से अधिक व्यक्तियों ने किया पुस्तकालयों का दौरा
जम्मू। पिछले दो वर्षों में 5.86 लाख से अधिक लोगों ने जम्मू और कश्मीर में पुस्तकालयों में अध्ययन किया है। इस अवधि के दौरान आगंतुकों के लिए कुल 84,305 पुस्तकें जारी की गईं। जनवरी 2024 में ही 35,562 लोगों ने विभिन्न पुस्तकालयों का दौरा किया और 3,515 किताबें लीं। यह बात संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव सुरेश कुमार गुप्ता ने पुस्तकालय और अनुसंधान विभाग के कामकाज का आकलन करने के लिए सिविल सचिवालय में हुई बैठक में कही। इस दौरान विभाग की संरचना, उपलब्धियों, कर्मचारियों की स्थिति और मौजूदा रिक्तियों सहित मानव संसाधनों पर जानकारी दी गई। रणबीर सिंह लाइब्रेरी और प्रताप सिंह लाइब्रेरी जैसे पुस्तकालयों के ऐतिहासिक महत्व पर जोर दिया। पुस्तकालय बुनियादी ढांचे के संबंध में बताया गया कि विभाग के दायरे में कुल 131 पुस्तकालयों में से 27 मौजूदा भवन में चल रहे हैं। 85 किराए, जबकि 19 किराया-मुक्त परिसर में कार्यरत हैं। बैठक में 26 पुस्तकालयों में ई-ग्रंथालय 4.0 क्लाउड सॉफ्टवेयर के कार्यान्वयन, विभिन्न स्थानों में पुस्तकालयों की पहचान, स्थापना और उपयोगकर्ता-मित्रता बढ़ाने के लिए विभाग की वेबसाइट को अपग्रेड करने की चल रही प्रक्रिया सहित अन्य उपायों पर हालिया पहल पर विस्तृत चर्चा हुई। ब्यूरो