- पहले सत्र में 50 छात्रों को मिलेगा नेशनल कॉमन एंट्रेस टेस्ट के आधार पर दाखिला
- 12वीं पास अभ्यर्थी 19 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
मंगेश कुमार
जम्मू। बीएड कॉलेज ऑफ एजुकेशन जम्मू इस सत्र से बीए-बीएड चार वर्षीय डिग्री कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। नेशनल कॉमन एंट्रेस टेस्ट के आधार पर छात्रों को दाखिले दिए जाएंगे। पहली बार कॉलेज में 50 छात्रों को दाखिला मिलेगा। 12वीं पास अभ्यर्थी 19 जुलाई तक www.nta.ac.in, https://ncet.samarth.ac.in/ITEP साइट पर प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) प्रवेश परीक्षा लेगी। मेरिट सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। प्रदेश में दो ही सरकारी बीएड कॉलेज हैं। एक जम्मू और दूसरा कश्मीर में है। इन कॉलेजों में बीएड दो वर्षीय कोर्स में प्रवेश के लिए जम्मू-कश्मीर व्यावसायिक बोर्ड प्रवेश परीक्षा आयोजित करता था। लेकिन बीएड कॉलेज ऑफ जम्मू प्रदेश का एकमात्र कॉलेज है। देश भर के 42 संस्थानों की तरह इसमें भी अब राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) की ओर से नया कोर्स शुरू करने की मंजूरी मिली है।
सरकारी व निजी स्कूल, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षक के लिए बीएड की डिग्री अनिवार्य कर दी गई है। जो छात्र यूजी सीयूईटी की प्रवेश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए हैं। उन्हें एक अब यह मौका दिया जा रहा है। वहीं, केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में भी चार साल पहले एकीकृत बीएड डिग्री शुरू की गई है। दाखिले के लिए एनटीए प्रवेश परीक्षा लेती है। प्रदेश के अन्य निजी कॉलेजों समेत जम्मू विश्वविद्यालय, दूरस्थ शिक्षा निदेशालय, विश्वविद्यालय कैंपस भद्रवाह, कश्मीर विवि में बीएड की दो वर्षीय डिग्री करवाई जा रही है।