- सीईओ के सुझाव के बाद निदेशालय ने बोर्ड को लिखा, बाढ़ के बाद से बंद चल रहे हैं सरकारी स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बारिश और बाढ़ के कारण स्कूलों को नुकसान पहुंचने और लंबे समय तक बंद रहने से अध्ययन कार्य में बाधा आने के बाद शिक्षा निदेशालय ने जेके बोर्ड को शैक्षणिक सत्र के पाठ्यक्रम में 15 से 20 प्रतिशत की कटाैती करने का सुझाव दिया है। इस बारे में सुझाव को सीईओ की ओर से निदेशालय भेजा गया है। इस पर अब शिक्षा निदेशालय ने बोर्ड को लिखा है। पाठ्यक्रम को हटाने के बजाय कटौती करने के लिए कहा गया है। इससे बच्चे वार्षिक परीक्षाओं में आराम से पढ़ाए गए पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार कर सकेंगे। भारी बारिश से स्कूलों को नुकसान पहुंचा है। स्कूलों को खोलने के लिए सोशल ऑडिट चल रहा है। कुल 25 फीसदी स्कूलों को खोलने की तैयारी है। अन्य स्कूलों में रिपोर्ट के अनुसार कक्षाओं की व्यवस्था की जानी है। अब 20 दिन में बच्चे अध्ययन नहीं कर पाए है। ऐसे में तय समय में सिलेबस पूरा करन पाना मुश्किल हो गया है। अब सिलेबस के लिए विकल्प तलाश किए जा रहे हैं। विंटर जोन के स्कूलों में वार्षिक परीक्षा दिसंबर में हो जाएंगी। इसी तरह ग्रीष्मकालीन स्कूलों में भी पढ़ाई बाधित है।