जम्मू। क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू (सीयूजे) के कुलपति प्रो. केएस चंद्रशेखर को 24 सदस्यीय कुलपतियों के नेशनल वर्किंग ग्रुप में नामित किया गया है। भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) की ओर से आर्थिक देशभक्ति और तकनीकी-राष्ट्रवाद के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत विचार पर आधारित इस नेशनल वर्किंग ग्रुप का गठन किया गया है। समिति आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए उपाय सुझाएगी। जिनमें विशेषज्ञ वार्ता, छात्र निबंध प्रतियोगिताए, कार्यशालाएं, सेमिनार जैसी गतिविधियां शामिल हैं। साथ ही ये वर्किंग ग्रुप स्वदेशी के दर्शन को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। इन उपायाें के जरिए ग्रुप अपनी सिफारिशें तैयार करेगा। फिलहाल ग्रुप की अवधि तीन वर्ष तय की गई है। जिसे एआईयू की स्वीकृति से बढ़ाया भी जा सकता है। प्रो. केएस चंद्रशेखर ने कहा कि इस कदम से जम्मू क्लस्टर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी। आपको बता दें कि समूह के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, पूर्व कुलपति, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, नोएडा हैं। प्रो. सुनील पारीक, एनआईएफटीईएम इसके सदस्य समन्वयक हैं। अन्य विशेष आमंत्रित सदस्यों में राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, एलपीयू पंजाब के कुलपति डॉ. अशोक मित्तल, शौर्य डोभाल, निवेश बैंकर, प्रफुल्ल केतकर, संपादक आयोजक, प्रो. हिमानी सूद, प्रो. चांसलर, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय शामिल हैं। डॉ. आलोक मिश्रा, संयुक्त सचिव, एआईयू समिति के समन्वयक होंगे। ब्यूरो