फोटो पीएच1 में 10 नंबर से
लेह। लद्दाख के उप राज्यपाल ब्रिगेडियर (रि.) डॉ. बीडी मिश्रा ने सिंधु संस्कृति केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लद्दाख विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में भाग लिया। इसमें 240 स्नातक और 253 स्नातकोत्तर सहित 493 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। पुरस्कार विजेताओं, विशिष्ट उपाधि धारकों और पदक विजेताओं को बधाई देते हुए एलजी ने कहा कि उन्हें लद्दाख विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह के शुभ और महत्वपूर्ण अवसर का हिस्सा बनकर प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने छात्राओं की संख्या में लड़कों की तुलना में अधिक होने और शिक्षा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए सराहना की, जिससे समाज का निर्माण होगा और भावी पीढ़ी को भी लाभ होगा। उन्होंने छात्रों की पढ़ाई में सहयोग करने के लिए प्रोफेसरों और अभिभावकों को भी बधाई दी। एलजी ने विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह के आयोजन के लिए लद्दाख विश्वविद्यालय के कुलपति की सराहना करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल एक समारोह नहीं है, बल्कि एक शैक्षणिक प्रक्रिया और प्रक्रिया है, जिसकी अपनी पवित्रता है, जिसे समय पर और समय-समय पर किया जाना चाहिए, जिसे कुलपति ने सराहनीय तरीके से किया है। संवाद