बारामुला। दृष्टि बाधित बच्चों की जिंदगी को आसान बनाने के लिए सेना ने सद्भावना प्रोजेक्ट के तहत स्कूल प्रशासन को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई है। सेना की 46वीं राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन की ओर से ख्वाजा बाग कैंप में आयोजित कार्यक्रम में दृष्टि बाधित विद्यालय के विशेष बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह के अंत में बच्चों और शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। 79 माउंटेन ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर एसएस नेगी ने सेना के इस प्रयास की सराहना की और जोर दिया कि यह विशेष बच्चों की सहायता करने की दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने वादा किया कि सेना कश्मीर घाटी में आम लोगों की भलाई के लिए ऐसी संस्थाओं के लिए काम करना जारी रखेगी। इस अवसर पर विशेष बच्चों के साथ 46 आराआर के कमांडिगं अफसर कर्नल प्रतीक शर्मा भी मौजूद थे।