परगवाल। जम्मू संभाग में समर जोन में आने वाले कक्षा नौ से 12वीं तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल खुलने के फैसले के बाद सीमा क्षेत्र परगवाल के हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को पहले दिन बच्चे स्कूली ड्रेस में स्कूल पहुंचे। हालांकि पहले दिन बच्चों की हाजिरी कम ही रही। उसके बावजूद स्कूल खुलने से बाजारों में भी काफी रौनक रही। इससे दुकानदारों में भी खुशी दिखी। वहीं स्कूल प्रशासन ने कोरोना के चलते सरकार की तरफ से जारी निर्देशों का पालन करते हुए स्कूल में पढ़ाई दो शिफ्टों में कराई। कक्षा 10वीं और 12वीं में पढ़ने वाले बच्चे सुबह 10 बजे से 1 बजे तक तो कक्षा 9वीं और 11वीं के बच्चों ने 1 बजे से 4 बजे तक पढ़ाई की। स्कूल प्रशासन ने स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को कोरोना के चलते सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने के लिए भी कहा। संवाद