जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय और इसके अधीन दूरस्थ शिक्षा निदेशालय, भद्रवाह कैंपस व बीएड कॉलेजों में वार्षिक, अर्ध वार्षिक परीक्षाओं की तिथि में बदलाव किया गया है। अब चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 22 अगस्त और दूसरे सेमेस्टर की 24 अगस्त से शुरू होंगी। इससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए 12 दिन का अतिरिक्त समय मिला है।
इससे पहले बीएड दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा 10 अगस्त से और चौथे सेमेस्टर की 17 अगस्त से शुरू होनी थीं। अमर उजाला ने छात्रों की समस्या को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद परीक्षाओं की तारीख बदली गई है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर तैयारी के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगा था। एवीबीपी के राज्य संयुक्त सचिव रमणीक शर्मा, बीएड चौथे सेमेस्टर की छात्रा श्वेता, चाहत आनंद आदि ने बताया कि उनकी समस्या का समाधान निकला है।
नई डेटशीट के अनुसार 24 अगस्त को बीएड के दार्शनिक एवं सामाजिक शिक्षा विषय की परीक्षा होगी। 26 को टीचिंग लर्निंग, 28 अगस्त को शिक्षा प्रौद्योगिकी एवं आईसीटी, एक सितंबर को टीचिंग ऑफ इंग्लिश, संस्कृत, पंजाबी, हिंदी, डोगरी और उर्दू की परीक्षा होगी। तीन सितंबर को समाज विज्ञान का शिक्षण, शारीरिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, कॉमर्स, परफार्मिंग आर्ट्स, दृश्य कला, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा, कंप्यूटर शिक्षा व गृह विज्ञान की परीक्षा होगी। छह सितंबर को क्रियात्मक शोध और 14 सितंबर को योग शिक्षा की परीक्षा होगी।
बीएड दूसरे सेमेस्टर की 22 अगस्त को अध्यापक शिक्षा, 30 अगस्त को (वैकल्पिक विषय) शिक्षा का इतिहास, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा, मूल्य और शांति शिक्षा, मार्गदर्शन एवं परामर्श तुलनात्मक शिक्षा, कंप्यूटर शिक्षा, कैरिकुल्म व तुलनात्मक भारत शिक्षा की परीक्षा होगी।
विश्वविद्यालय की ओर से डेटशीट में दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। कोई भी विद्यार्थी परीक्षा के दौरान मोबाइल या किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का प्रयोग नहीं करेगा। कोई भी छात्र नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश पत्र और नीला बॉल या फांउटेन पेन लेकर आना होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।