जम्मू। दो साल तक ऑनलाइन पढ़ाई के बाद बुधवार से जम्मू विश्वविद्यालय में कक्षाएं ऑफलाइन होंगी। यूनिवर्सिटी के विभिन्न विभागों में विद्यार्थी कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करेंगे। विश्वविद्यालय में ज्यादातर सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में बुधवार को सबसे ज्यादा विद्यार्थी पहले सेमेस्टर के होंगे।
प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग ने 14 फरवरी से शिक्षण संस्थानों को खोलने की अनुमित दी थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रबंधन ने एक मार्च से ऑफलाइन पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया था, एक मार्च को महाशिवरात्रि की छुट्टी थी, ऐसे में बुधवार से विश्वविद्यालय में ऑफलाइन पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
विवि के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. प्रकाश अंथाल ने कहा कि कोविड एसओपी का सख्ती से पालन करवाया जाएगा। मुख्य प्रवेश द्वार पर जांच होगी और बिना मास्क किसी को कैंपस में प्रवेश नहीं मिलेगा। विश्वविद्यालय में कोविड की सभी गाइडलाइन के तहत ही ऑफलाइन पढ़ाई होगी। इसके साथ ही अन्य गतिविधियां भी चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत विभिन्न गतिविधियों का कैलेंडर जारी किया गया है, जिसके मुताबिक ही कार्यक्रम हो रहे हैं। कोरोना के कारण नियमित होने वाली गतिविधियां ठप पड़ी थीं, जिनको अब शुरू किया जाएगा।