जम्मू-कश्मीर के साथ देश भर के युवा कोर्स में दिखा रहे दिलचस्पी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। सोनमर्ग में बर्फबारी के बाद जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स ने स्कीइंग कोर्स गतिविधियों को करवा दिया है। इसके लिए जम्मू-कश्मीर के साथ देश भर के युवा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। प्रवक्ता ने बताया कि 1983 में स्थापित यह इंस्टीट्यूट भारत में साहसिक और कौशल विकास के प्रतीक के रूप में खड़ा है। रक्षा मंत्रालय और प्रदेश सरकार के बीच एक सहयोगात्मक प्रयास से यह संस्थान पर्वतारोहण, स्कीइंग, ट्रैकिंग, बचाव अभियान, वाटर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और अभियान जैसी साहसिक गतिविधियों में अपनी विशेषज्ञता के लिए प्रसिद्ध है। वार्षिक रूप से संस्थान भारत के विभिन्न हिस्सों से लगभग 1000 छात्रों की मेजबानी कर रहा है। वर्तमान में जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स सोनमर्ग में स्कीइंग पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। 69 छात्रों के साथ बेसिक स्कीइंग कोर्स नंबर 63 और 23 छात्रों के साथ इंटरमीडिएट स्कीइंग कोर्स, दोनों पाठ्यक्रमों में देश के विभिन्न हिस्सों से छात्र आए हैं, जो तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात, त्रिपुरा आदि जैसे राज्यों से आए हैं। 15 फरवरी से इंस्टीट्यूट पहलगाम में एक विशेष स्कीइंग कोर्स शुरू करने जा रहा है। साथ ही बुनियादी पर्वतारोहण पाठ्यक्रम और स्कूली बच्चों व एनसीसी कैडेट के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए साहसिक पाठ्यक्रम भी आयोजित करेगा। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संस्थान ने नागरिक साहसिक उत्साही लोगों के साथ साझेदारी की है।