गांव कलीठ से ज्यौड़ियां आ रहा था ई- रिक्शा, चक्क भगवाना के पास सुबह 9 बजे हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। ई-रिक्शा नहर में पलटने से चालक सहित सात लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी ज्यौड़ियां में भर्ती करवाया। इलाज के बाद डॉक्टर ने सभी घायलों को छुट्टी दे दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 9 बजे गांव कलीठ से ज्यौड़ियां आ रहा ई-रिक्शा गांव चक्क भगवाना के पास अनियंत्रित होने के कारण न्यू प्रताप नहर में गिर गया। ई-रिक्शा में सात लोग सवार थे। लोगों ने बताया कि ई-रिक्शा चालक मोड़ पर रिक्शा से संतुलन खो बैठा, जिस कारण रिक्शा सड़क पर ही पलट गया और पलटते हुए नहर में जा गिरा।
पुलिस के अनुसार ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नंबर अज्ञात है। इसे संदीप कुमार पुत्र जगदीश लाल निवासी कलीठ तहसील खौड़ चला रहा था, जिसमें 07 से 08 यात्री और छात्र सवार थे। जब कलीठ से जौड़ियां की ओर आ रहे थे जैसे ही ई-रिक्शा गांव चक भगवाना में नहर के पुल पर पहुंचा तो तीखा मोड़ होने पर चालक ऑटो की गति पर नियंत्रण नहीं रख सका। रिक्शा में सवार छात्र और अन्य लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान चालक संदीप कुमार (24) पुत्र जगदीश लाल निवासी कलीठ, अखिल भाऊ (16) पुत्र नीलम सिंह निवासी ढांगर कलीठ, मिथुन पुत्र प्यारे राम निवासी डोरी डगेर, तहसील खडाहबली, वंश कुमार (16) पुत्र बलबीर कुमार निवासी कलीठ तहसील खौड़, अंकुश सिंह (16) पुत्र जगदीश सिंह निवासी ढांगर, मुनीश्वर प्रसाद (49) पुत्र तोला राम निवासी डोरी डागेर, मानव सोत्रा (16) पुत्र डैनी मैसी निवासी कलीठ, खौर के रूप में हुई है।