अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में ई-रिक्शा के मनमाने संचालन पर सख्ती की जाएगी। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) जिले में ई-रिक्शा के परिचालन को व्यवस्थित करेगा। नए सिरे से रूट और किराया तय किया जाएगा। आरटीए ने दस दिन में आदेश जारी करने की बात कही है। ई-रिक्शा का परिचालन उन मार्गों पर होगा, जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा कम है। मुख्य सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाने की अनुमित नहीं होगी। शहर में 25 स्टैंड होंगे।
ई-रिक्शा का व्यवस्थित परिचालन के लिए बुधवार को आरटीए और ट्रांसपोर्टरों के बीच तीसरे दौर की बैठक हुई। इसमें ई-रिक्शा परिचालन से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा की गई। ट्रांसपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन, ऑटो रिक्शा यूनियन और ई-रिक्शा यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुए। फैसला लिया कि ई-रिक्शा के रूट को दोबारा तय किया जाए। प्रति किमी के हिसाब से किराया लिया जाए। ई-रिक्शा के प्रतिनिधि तेजिंद्र सिंह ने कहा कि 25 स्टैंड की सूची आरटीओ को सौंपी है। आरटीए ने दस दिन में रूट और किराया निर्धारित करने की बात कही है। ई-रिक्शा चालकों के लिए जागरूकता कैंप आयोजित करने को कहा है ताकि परिचालन के नियमों से अवगत करवाया जा सके। बता दें शहर में 1500 के करीब ई-रिक्शा पंजीकृत हैं।वर्तमान में प्रति किमी के हिसाब से 20 रुपये तक किराया लिया जा रहा है।
ई-रिक्शा के लिए रूट और किराया तय किया जा रहा है। इस पर काम हो रहा है। नियमों का पालन करते हुए ई-रिक्शा का परिचालन होगा।
पंकज बंगोत्रा, आरटीओ जम्मू