जम्मू शहर में ई-रिक्शा चालक अब मनमर्जी के रूट पर नहीं चले सकेंगे, तय रास्ते के आधार पर ही परिचालन करना होगा। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने शहर में ई-रिक्शा के लिए स्टैंड और रूट निर्धारित कर लिए है। 20 स्टैंड बनाए गए हैं, जहां से ई-रिक्शा का परिचालन होगा।
जिले में 2800 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। रूट तय नहीं होने से ई-रिक्शा किसी भी रास्ते पर परिचालन कर रहे थे, जिससे ऑटो रिक्शा, मेटाडोर चालकाें का काम प्रभावित हो रहा था। ई-रिक्शा के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए अब क्षेत्रीय परिवहन परिषद ने स्टैंड के लिए जगह चिन्हित कर ली है। यहां से निर्धारित रूट पर ही ई-रिक्शा का परिचालन किया जाएगा। ये स्टैंड ऐसे स्थानों पर हैं, जहां से अंदरूनी मार्ग के लिए मिनी बस की सुविधा नहीं है और ई-रिक्शा लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन का विकल्प होगा। हर स्टैंड पर पांच से छह ई-रिक्शा खड़े करने की व्यवस्था होगी।
यहां से मिलेंगे ई-रिक्शा
गांधीनगर गोल मार्केट, लास्ट मोड़, संजय मोटार के पास, नई बस्ती का सब्जी मंडी चौक, नई बस्ती मेन स्टॉप, रेलवे स्टेशन नानक रोड व केनाल रोड, छन्नी हिम्मत श्मशानघाट व नानक नगर मेटाडोर स्टैंड के पास, सेक्टर-6 नानक नगर, प्रीत नगर छोटे पुल के पास, त्रिकुटा नगर मिनी मार्केट के पास, सेक्टर-1 चौधरी टाउन के पास, कुंजवानी राष्ट्रीय राजमार्ग की सिल्प रोड के पास
ग्रेटर कैलाश यात्री शेड के सामने, बीसी रोड की निकासी पर, रघुनाथ मंदिर चौक, बेलीचाराना, भगवती नगर में केनाल रोड के साथ, बहु प्लाजा यात्री शेड, विक्रम चौक वेयर हाउस रोड, सतवारी केनाल के पास, रायपुरा सतवारी और बन बरजाला, चट्ठा चौक, सिंबल कैंप चौक, बन तालाब विजय चौक बीएसएनएल एक्सचेंज और नरदानी चौक के पास।
ओवरचार्जिंग पर फैसला नहीं
शहर में ई-रिक्शा का परिचालन तो बढ़ा, लेकिन किराया तय नहीं हुआ। इस कारण यात्री ओवरचार्जिंग के शिकार हो रहे हैं। अमरनाथ यात्रा के दौरान यह समस्या सबसे ज्यादा है। ई-रिक्शा चालक रेलवे स्टेशन जम्मू से भगवती नगर तक 200 रुपये तक किराया ले रहे हैं जबकि दूरी मात्र पांच किमी है। प्रति यात्री 40 रुपये लिए जा रहे हैं।