संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। जम्मू-कश्मीर के राजोेरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सेना के जवानों ने संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन पर गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन शनिवार देर रात कुछ देर भारतीय क्षेत्र में मंडराने के बाद पाकिस्तान की ओर लौट गया।
अधिकारियों ने बताया कि केरी सेक्टर में सीमा पार से ड्रोन गतिविधि और उसके बाद भारतीय सेना की ओर से कुछ राउंड फायरिंग की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इलाके की गहन तलाशी ली गई, लेकिन जमीन पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। राष्ट्र-विरोधी तत्व हथियार और नशीले पदार्थ गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा बल उनके मंसूबों को नाकाम करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। इस बीच, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को पुंछ जिले के अल्लाहपीर इलाके के पास टिमटिमाती रोशनी के साथ एक उड़ने वाली वस्तु भी कुछ देर के लिए हवा में मंडराती देखी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर इलाके की तलाशी ली और जमीन पर कुछ नहीं मिला।