सांबा। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की घुसपैठ से सीमावर्ती ग्रामीण सतर्क हो गए हैं। इसी संदर्भ में सीमावर्ती गांवों में बैठकें कर डीडीसी सदस्य आशा रानी ने ग्रामीणों को कहा कि स्वतंत्रता दिवस तक वह क्षेत्र में सतर्क रहें। रात्रि को जरूरी न होने पर बाहर न घूमें। यदि कोई ड्रोन जैसी गतिविधि दिखे तो इसकी सूचना पुलिस व निकट के सुरक्षा बलों को दें। सनद रहे कि सांबा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से करीब डेढ़ दर्जन ड्रोन की घुसपैठ के प्रयास किए हैं। इसमें ड्रोन से हथियार गिराने के तीन मामले सामने आए हैं। इसको लेकर अब सीमावर्ती ग्रामीण भी सतर्क हो गए हैं। हालांकि पुलिस व सुरक्षा बल के अधिकारियों ने भी सीमावर्ती ग्रामीणों को ड्रोन के संबंध में जागरूक करने के लिए कार्यक्रम किए हैं।