विजयपुर। कंडी क्षेत्र के गांव गुड़ा सलाथिया के बदवाल, उड मंडी में पेयजल की भारी किल्लत है। इस कारण लोगों में जल शक्ति विभाग के खिलाफ रोष है।
बदलाव के आश नंद, शशि पाल, जोगिंदर, प्रेमपाल, सुरजीत, कुलदीप राज आदि ने बताया कि कंडी क्षेत्र होने के कारण हम लोग सिर्फ जल शक्ति विभाग द्वारा दी जाने वाली पानी की आपूर्ति पर ही निर्भर हैं। क्योंकि वहां पर हैंडपंप काम नहीं करते। मगर विभाग भी हम लोगों को पानी समय पर नहीं देता है। हम बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। इस संबंध में कई बार विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया। उसके बावजूद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जलापूर्ति तत्काल दुरुस्त नहीं हुई तो विभाग के खिलाफ विरोध किया जाएगा। जल शक्ति विभाग के जेई सज्जाद गुप्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति में देरी हो रही है। जल्द ही आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा। संवाद