आरएस पुरा। ब्लॉक सुचेतगढ़ के सीमावर्ती गांव कुशालपुर में जल शक्ति विभाग की तरफ से लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को ट्यूबवेल का उद्घाटन किया गया। पंच प्रवीण सिंह ने कहा कि गर्मी में लोगों को पानी नहीं मिल रहा था इसके चलते ट्यूबवेल ठीक कराया गया। उन्होंने कहा कि किन्हीं कारणों से ट्यूबवेल बंद था। हैंडपंप का पानी भी सूख गया है। उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग को ट्यूबवेल लगाने के लिए भूमि देने वाले परिवार के एक सदस्य को नौकरी देनी थी जोकि नहीं दी गई, जिसके चलते परिवार के लोगों ने ट्यूबवेल को ताला लगा दिया था। पंच प्रवीण सिंह पिंका ने बताया कि जमीन देने वाले परिवार वालों से बातचीत की उनकी सहमति के साथ इस ट्यूबवेल को शुरू कराया गया। पूर्व मंत्री चौधरी श्याम लाल ने मंत्री होते हुए लोगों की समस्याओं को देखते हुए यहां ट्यूबवेल लगवाया था। इस मौके पर नायब सरपंच सुरिंदर सिंह छिंदा सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद