सुंदरबनी। नगर से तीन किलोमीटर दूरी पर स्थित गांव बनपूरी चौक में लगा हैंडपंप के आठ माह से खराब है। इस कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों तथा बनपूरी चौक के दुकानदारों जीत राज जोगिंद्र पाल गुलशन कुमार, हंस राज, इंद्र कुमार तथा विजय कुमार ने बताया कि पीएचई विभाग द्वारा बनपूरी चौक में लगाया गया हैंडपंप तकरीबन आठ माह पूर्व खराब हो गया था। तब से उन्होंने पीएचई के अधिकारियों से इसे ठीक कराने की कई बार गुहार लगाई, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने हैंडपंप को ठीक कराने की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि बनपूरी चौक पर लगे हैंडपंप के खराब होने के कारण स्थानीय लोगों तथा दुकानदारों को तो परेशानियां हो ही रही हैं। साथ में यहां से गुजरने वाले राहगीरों तथा आसपास के ग्रामीणों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि गर्मी में इस हैंडपंप पर काफी लोग निर्भर रहते हैं। उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई कि सौदरा चौक पर लगे हैंडपंप को ठीक कराकर लोगों की परेशानियां दूर की जाएं।