संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के पुलिस लाइन रोड के साथ बना नाला एक बार फिर ओवरफ्लो हो गया। जिससे नाले का गंदा पानी और कचरा सड़क पर डीसी आवास के पास तक फैल गया। हालांकि नाला बंद होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नगर परिषद की टीम ने तुरंत सफाई का काम शुरू करवाते हुए नाले को खोला। लेकिन इस कार्रवाई में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लगा, जिससे वहां से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 2 साल के दौरान चौथी बार नाले के ओवरफ्लो होने से परेशान हुए आम लोगों ने इस समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।
सोमवार की सुबह नाले के ओवर फ्लो हो जाने के बाद वहां से गुजर रहे उत्तम चंद ने बताया कि वर्ष 2008 में पुलिस लाइन रोड का विस्तारीकरण किया गया था। तब सड़क के साथ गुजरने वाले सिंचाई विभाग के सुए को पक्का कर दिया गया। लेकिन इस निर्माण नतीजा यह हुआ कि जो सुआ कभी लोगों की पानी की जरूरत को पूरा करता था और कई मवेशी भी इसका पानी पीते थे वह नाले में तब्दील हो गया। क्योंकि सुए के स्थान पर जो पक्का निर्माण किया गया वह पहले से काफी ज्यादा गहरा और संकरा बना दिया गया है। अब न तो सिंचाई विभाग इसकी सुध लेता है और न ही नगर परिषद द्वारा इसकी नियमित सफाई की जाती है। जिसके कारण अक्सर ऐसे हालात पैदा हो जाते है। वहीं रमेश लाल ने रोष जताते हुए कहा कि डीसी आवास के साथ बने इस नाले की सफाई के लिए हालांकि ओवर फ्लो होने के बाद तुरंत सफाई कर्मचारी आ गए है लेकिन क्या वह इसकी नियमित सफाई के लिए व्यवस्था नही कर सकते है। जबकि ऐसा कई बार हो चुका है। जो कि प्रशासन के साथ नगर परिषद के संज्ञान में भी है। इस सड़क पर स्पोर्ट्स स्टेडियम सहित महिला डिग्री कॉलेज और ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल जैसे संस्थान है जहां जाने वाले बच्चे अक्सर पैदल ही गुजरते है। लेकिन इसके बाद भी इस समस्या को गंभीरता से नही लिया जा रहा है। जिससे लोग परेशान हो रहे है।
इस संबंध में नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निनाद सेन का कहना है कि नाला सिंचाई विभाग का है। लिहाजा इसका रखरखाव भी उसी की जिम्मेदारी है। लोगों की समस्या का समाधान करने के लिए परिषद ने सफाई करवा दी है, लेकिन इसका पक्का समाधान सिंचाई विभाग को ही करना होगा।