दोमाना। जम्मू-अखनूर नेशनल हाईवे पर पलौड़ा के पास वीरवार रात करीब साढ़े 11 बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (जेके 02 डीए 5989) फ्लाईओवर के पिलर से टकरा गई। मौके पर कार में सवार महिला की मौत हो गई। दो लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक पटोली मंगोत्रियां के रहने वाले राकेश वर्मा (47) पत्नी बंदना वर्मा (40) और साली मोनिका गुप्ता (40) पत्नी रोमेश गुप्ता निवासी तालाब तिल्लो के साथ स्विफ्ट कार से मुट्ठी की ओर आ रहे थे। बीएसएफ कैंप पलौड़ा के फ्लाईओवर के पास कार का नियंत्रण खोने से फ्लाईओवर के पिलर से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीनों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों और दोमाना पुलिस ने घायलों को जीएमसी जम्मू पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बंदना वर्मा को मृतक घोषित कर दिया। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बनी है। दोमाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। संवाद
अज्ञात का शव बरामद
जम्मू। शहर के जोगी गेट के पास शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। कुछ लोगों ने व्यक्ति को बेसुध पड़ा हुआ देख पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जीएमसी पहुंचाया। यहां जांच में उसे मृत घोषित कर दिया।