-काशीपुरा का मामला, प्राथमिक उपचार के बाद घायल जीएमसी जम्मू रेफर
-कई पशु भी बने शिकार, स्वास्थ्य विभाग ने ईओ को आवारा कुत्ते पकड़ने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। अरनिया के वार्ड पांच के काशीपुरा में पागल कुत्ते ने एक पांच साल के बच्चे और दो महिलाओं को काट लिया। अरनिया प्राइमरी हेल्थ सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया है। घायल लोकेश कुमार (5) पुत्र विशाल कुमार, संतोष कुमारी पत्नी सुनील कुमार और कमलेश कुमारी पत्नी दिलीप कुमार सभी अरनिया के रहने वाले हैं। बच्चे के गले समेत शरीर पर 8 से 10 जगह जख्म हैं।
काशीपुरा में मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे घुसे पागल कुत्ते ने सबसे पहले गली में खेल रहे 5 साल के बच्चे पर हमला किया। बच्चे के शरीर पर 8 से 10 जगह काटने के जख्म है। गर्दन पर भी काटा है। वहीं, उसी समय वहां से गुजर रही दो महिलाओं पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। चिलाने की आवाज पर इकट्ठा हुए लोगों ने कुत्ते को भगाकर बच्चे व महिलाओं को छुड़ाया। तीन लोगों को काटने के बाद कुत्ते ने कई जानवरों को भी काटा है। बाद में लोगों ने इकट्ठे होकर कुत्ते को मार डाला। वहीं, घायलों को अरनिया प्राइमरी हेल्थ सेंटर में ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उनकी गंभीर हालत को देख जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग अरनिया ने अरनिया नगरपालिका के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर पृथ्वीराज सांगड़ा को आवारा कुत्तों के बारे में सूचना दी है। लेकिन, देर शाम तक कुत्तों को पकड़ने के लिए नगरपालिका ने कोई संज्ञान नहीं लिया। इसके चलते क्षेत्र के लोगों में नगरपालिका के प्रति रोष है।
नगर पालिका के पास कुत्ते पकड़ने का बंदोबस्त नहीं
नगर पालिका के पास आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई बंदोबस्त नहीं है, जिसके चलते नगर पालिका की कार्यशाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। देर शाम तक पागल कुत्ते के शिकार दूसरे जानवरों को पकड़ने के लिए किसी प्रकार का भी संज्ञान नहीं लिया गया है। लोगों का कहना है कि पागल कुत्ते ने जिन जानवरों को काटा है। उनमें भी रेबीज के लक्षण सामने आ सकते हैं।
पशुपालन विभाग से बातचीत करेंगे
नगरपालिका के पास आवारा कुत्तों को पकड़ने का किसी प्रकार का प्रावधान नहीं है। पशुपालन विभाग से बातचीत कर उनके साथ मिलकर आवारा कुत्तों को पकड़ने में अरनिया नगर पालिका के कर्मचारी मदद करेंगे।
पृथ्वीराज सांगड़ा, ईओ नगरपालिका
ईओ को कुत्ते पकड़ने के लिए कहा है
कुत्ते के काटने के तीन मामले अस्पताल आए हैं। उनकी हालत को देख प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया है। क्षेत्र में अन्य जानवरों को भी कुत्ते ने काटा है। नगरपालिका के ईओ को कुत्तों को पकड़ने के लिए कहा है, ताकि कोई और कुत्तों का शिकार न बन जाए।
डॉ. रोहित कुमार, मेडिकल ऑफिसर, प्राइमरी हेल्थ सेंटर