दोमाना। मिश्रीवाला पंचायत की ओर से मुख्य बाजार में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जागरूकता रैली निकाली गई। सरपंच पल्लवी वर्मा, खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता रोहित वर्मा सहित पंचायत सदस्य व ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारी शामिल हुए। सरपंच पल्लवी वर्मा ने स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। लोगों से कचरा सड़क पर न फेंकने का अनुरोध किया। साथ ही गंदगी से होने वाली बीमारियों से अवगत कराया। यहां पंच सोनिया वाला, ममता देवी, ग्राम रोजगार सहायक जय कुमार, पंचायत सचिव सौरभ शर्मा, आंगनबाड़ी वर्कर उपस्थित रहे। संवाद
मिश्रीवाला में अवैध डंप को हटवाया
दोमाना। मिश्रीवाला मुख्य चौक के पास नहर किनारे अवैध डंप को सोमवार को हटा दिया गया। सरपंच पल्लवी वर्मा ने स्थानीय लोगों की मांग के चलते कचरे को साफ करवाया। मौके पर खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार उपस्थित रहे। सरपंच पल्लवी वर्मा ने स्थानीय लोगों से अपील की कि पंचायत में अब कूड़ा उठाने के लिए ऑटो लगाया जा रहा है, इसलिए घरों का कचरा ऑटो में डालें ताकि नहर किनारे गंदगी न फैले। साथ ही बताया कि मिश्रीवाला या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा न फेंके, ऐसा करने पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। संवाद