यातायात विनियमन व प्रबंधन पर मंडलायुक्त अधिकारियों के साथ बैठक कतरे हुए
जम्मू। जम्मू संभाग के शहरों, कस्बों और राष्ट्रीय राजमार्गों में बेहतर रखरखाव, प्रभावी यातायात विनियमन व प्रबंधन पर मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जम्मू की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के साथ सड़कों से अतिक्रमण हटाने को जोर दिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों व अन्य सड़कों पर निर्माण में गुणवत्तापूर्ण ब्लैकटॉपिंग, क्रैश बैरियर, व्यू कटर लगाने व उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जम्मू शहर के यातायात परिदृश्य की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने जम्मू में गड्ढा मुक्त सड़कें सुनिश्चित करने के साथ सड़कों से अतिक्रमण हटाने को कहा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और बीआरओ को आरएस पुरा-सतवारी रोड, मांडा-नगरोटा टीसीपी रोड को सुधारने का निर्देश दिया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को भगवती नगर में सड़क के सतह का समतलीकरण जल्द शुरू करने का कहा। वहीं जम्मू शहर ऐसे स्थानों की पहचान करने को कहा, जहां सड़कें बार-बार क्षतिग्रस्त होती हैं। साथ ही स्कूलों के बाहर सड़क किनारे स्कूल बसों की पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। लखनपुर से सिद्दड़ा, उधमपुर से बनिहाल और जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग खंड पर यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। आरटीओ जम्मू को वाहनों के खरीदार और विक्रेताओं को वाहनों के पुन: पंजीकरण के प्रति जागरूकता अभियान शुरू करने के लिए कहा और यातायात विभाग से राजौरी-पुंछ और रामबन-बटोत-डोडा नेशनल हाईवे पर हॉट स्पॉट इलाकों का डेटा लोक निर्माण विभाग के साथ साझा करने का भी निर्देश दिया। बैठक में डीआइजी ट्रैफिक जम्मू, डीसी जम्मू, डीसी सांबा, डीसी उधमपुर, एसएसपी जम्मू, एसएसपी ट्रैफिक जम्मू शहर, एसएसपी ट्रैफिक ग्रामीण, एसएसपी ट्रैफिक नेशनल हईवे रामबन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। ब्यूरो