अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जेएमआरडीए) के तहत चल रही परियोजनाओं की सोमवार को समीक्षा की गई। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मंडलायुक्त रमेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।
परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति का आकलन कर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। मंडलायुक्त ने ठंडी खुई विजयपुर में अत्याधुनिक बस स्टैंड के विकास, राजीव नगर नाला जल निकासी योजना के कार्यान्वयन, जेएमआरडीए के लिए व्यापक क्षेत्रीय, उप-क्षेत्रीय और क्षेत्रीय योजनाओं के निर्माण की भी समीक्षा की। ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना के उन्नयन के संबंध में बताया कि निकासी व पुलियों का कार्य पूरा होने वाला है। सड़क निर्माण भी प्रगति पर है।
हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के साथ सर्कुलर रोड को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण में तेजी लाने को मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी (आर एंड बी) को निविदा प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा। तवी रीवर फ्रंट व्यू प्रोजेक्ट का काम 50% से अधिक हो गया है। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को काम की गति में तेजी लाने के निर्देश जारी किए।
इसके अलावा उपायुक्तों को व्यक्तिगत रूप से प्रगति की निगरानी और नियमित साइट पर निरीक्षण करने का निर्देश दिया। अन्य बैठक में संभागीय आयुक्त ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के तहत शहर में क्रियान्वित परियोजनाओं की प्रगति जानी। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राहुल यादव ने परियोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। मंडलायुक्त ने कहा कि यदि कोई बाधा हो तो उसे दूर करें। अप्सरा रोड हाई स्ट्रीट और ई बसें परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।