गांधीनगर थाने का निरीक्षण करते डीआईजी
- डीआईजी ने गांधीनगर पुलिस थाने का किया निरीक्षण, रजिस्टरों की जांच की
जम्मू। जम्मू, सांबा कठुआ रेंज के डीआईजी डॉ. सुनील गुप्ता ने रविवार को गांधीनगर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को नशा करने वाले, नशा तस्करों और इनके सरगनाओं की सूची तैयार करने के साथ एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में आरोपियों के पिछले व अगले संबंधों का पता लगाने का निर्देश दिया।
डीआईजी ने पुलिस स्टेशन में महिला डेस्क रजिस्टर, साइबर रजिस्टर, एनसीआर रजिस्टर, एनडीपीएस और भूमि विवाद से जुड़े रजिस्टरों की जांच की। इस दौरान उन्होंने सभी रिकॉर्ड को दुरुस्त पाया। उन्होंने थाने के एसएचओ और एसडीपीओ गांधीनगर को क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा और लोगों की शिकायतों का समय पर निपटारा करने व महिलाओं से जुड़े मामले पर ज्यादा ध्यान देने को कहा। नशीली दवाओं के तस्करों, माफिया और सरगनाओं की संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत जब्त करने व अचल संपत्तियों को ध्वस्त करने को कहा। पुलिस के ऑपरेशन अवतार के तहत जब्त किए गए वाहनों को उचित व्यवस्थित किया जाने की आवश्यकता पर बल दिया। पुलिस स्टेशन की बीट प्रणाली को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। ब्यूरो