डीजीपीसी इस बार 20 से 25 युवाओं को निशुल्क कोचिंग दिया जाएगी
जम्मू। सिख समुदाय में कमजोर वर्ग के युवा भी अब आईएएस और केएएस बनने का सपना साकार कर सकेंगे। समुदाय के जरूरतमंद युवाओं को जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीजीपीसी) विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग देगी। इसमें आईएएस, केएएस और जेकेएसएसबी की भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। डीजीपीसी 20 से 25 युवाओं को निशुल्क कोचिंग देगी। इच्छुक युवा 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे।
सोमवार को डीजीपीसी अध्यक्ष सरदार रणजीत सिंह तोरह ने कहा कि शिक्षा पर हमारा विशेष ध्यान है। समुदाय के आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के युवाओं के सामने पैसा तैयारी में अड़चन न बने इसके लिए इस पहल को शुरू किया जा रहा है। 3 महीने से डीजीपीसी इस पर काम कर रही है। इसके लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं। काफी संख्या में आवेदन मिले हैं, जिनकी जांच चल रही है। अभी 30 अप्रैल तक का समय रखा है। उम्मीदवारों की आर्थिक स्थिति और मेरिट के आधार पर उनका चयन किया जाएगा। डीजीपीसी के उपाध्यक्ष सरदार बलविंदर सिंह ने कहा कि युवाओं को शहर के नामी कोचिंग संस्थानों में कोचिंग मिलेगी। इसका खर्च डीजीपीसी उठाएगी। इस बार 20 से 25 उम्मीदवारों को कोचिंग देने की योजना है। युवा आवेदन फार्म डीजीपीसी मुख्यालय गुरु नानक देवी जी चांद नगर जम्मू और डीजीपी उप-कार्यालय गुरुद्वारा बाबा फतेह सिंह में 30 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक मिलेगे। ब्यूरो