-डीजीपी आरआर स्वैन ने लाल चौक पर बलिदान स्तंभ का दौरा किया, बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। डीजीपी आरआर स्वैन ने अपनी सेवा के अंतिम दिन सोमवार को प्रताप पार्क लाल चौक पर बलिदान स्तंभ (शहीद स्मारक) का दौरा किया और बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि अपनी 30 साल की सेवा के दौरान उनका प्रयास यह सुनिश्चित करना रहा है कि जम्मू-कश्मीर के लोग भय और धमकियों से मुक्त माहौल में रहें।
उन्होंने कहा, एक पुलिस अधिकारी के लिए बलिदान स्तंभ किसी पूजा स्थल से कम नहीं है। सेवा के अंतिम दिन सभी नायकों को श्रद्धांजलि देना मेरा कर्त्तव्य है। कहा कि उन्हें इतने वर्षों तक जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला। यह अवसर सभी को नहीं मिलता। इसके लिए मैं सरकार और अपने सहयोगियों का आभारी हूं।
डीजीपी ने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी ईमानदारी से जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति लाने में योगदान देने की कोशिश की। लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखने और डर को दूर करने की कोशिश की। मैं सभी माताओं, बहनों, बच्चों, बुजुर्गों और सभी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। बता दें, डीजीपी स्वैन की जगह नलिन प्रभात यूटी के नए पुलिस प्रमुख के रूप में प्रभार संभालेंगी।