अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकी साजिश और खतरे खत्म नहीं हुए। यह समय शांति बनाए रखने का है। श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र जेवन में हुए समारोह में विदाई भाषण में डीजीपी दिलबाग सिंह ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल केंद्र शासित प्रदेश में काफी हद तक शांति हासिल करने में सफल रहे हैं, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। जरूरत इस बात की है कि शांति कायम रखी जाए। यह समय शांति की रक्षा करने का है। अभी आतंकी धमकियां मिलना जारी है।
1987 बैच के आईपीएस अधिकारी दिलबाग सिंह को सितंबर 2018 में अंतरिम डीजीपी के रूप में नियुक्त किया था, लेकिन एक महीने बाद उन्हें पूर्णकालिक पुलिस प्रमुख बनाया गया। उनकी जगह अब विशेष पुलिस महानिदेशक आरआर स्वैन ले रहे हैं। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद दिलबाग ने कहा कि जब उन्हें डीजीपी का पद सौंपा गया तो लगा कि मुझसे भी अधिक सक्षम व्यक्ति हैं, लेकिन बहादुर बल और अधिकारियों का नेतृत्व करने का अवसर पाने के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं। पुलिस प्रमुख के रूप में कार्यकाल तब शुरू हुआ जब माहौल निराशाजनक था। रियाज नाइकू, जाकिर मूसा और बुरहान वानी सहित कइयों का जिक्र करते कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस ने बहादुरी से माहौल में सुधार किया। एक समय ऐसा था जब एसपीओ इस्तीफे की घोषणा कर रहे थे क्योंकि आतंकी कमांडर उन्हें नौकरी छोड़ने की धमकी दे रहे थे।