गांदरबल। कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री जावेद अहमद डार ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में मछली पालन क्षेत्र में रोजगार सृजन की क्षमता पर जोर दिया। उन्होंने कंगन के ट्राउट फिश फार्म का दौरा किया। मंत्री ने युवाओं को मछली पालन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से फिश फार्मों का दौरा करें और मछली पालकों को आधुनिक विधियों के बारे में जागरूक करें। निदेशक मछली पालन अब्दुल मजीद टाक, सहायक निदेशक गांदरबल ने मंत्री को फार्म के संचालन के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि ट्राउट फिश फार्म मम्मर ने 2024-25 में सात टन ट्राउट मछली और 1.5 लाख बीज का उत्पादन किया। इस वर्ष के लिए बीज उत्पादन दो लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान विधायक मियां मेहर अली भी मौजूद रहे। संवाद