लेह। सुमधा चेन्मो के ग्रामीण आखिरकार आजादी के 75 साल बाद सड़क नेटवर्क से जुड़ गए हैं। यह काम सितंबर 2019 में शुरू हुआ और जुलाई 2025 में पूरा हुआ।
लोग खुश हैं, क्योंकि उनका गांव अब लद्दाख के बाकी हिस्सों से जुड़ गया है। पहले उन्हें एक संकरी पगडंडी पर 12 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। इससे तीन घंटे लगते थे। बारिश होने पर रास्ता बदलना पड़ता था। इसमें छह घंटे लगते थे, क्योंकि नदी पार करना असंभव हो जाता था। सड़क संपर्क की कमी से गांव में कभी स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं। शिक्षा के लिए माता-पिता बच्चों को लेकर शहर चले जाते थे। गर्भवती महिलाओं को प्रसव से कुछ महीने पहले ही लेह ले जाना पड़ता था। स्कू मार्खा निर्वाचन क्षेत्र के पार्षद सोनम नूरबू ने सभी ग्रामीणों की ओर से केंद्र सरकार, लद्दाख प्रशासन व एलएएचडीसी लेह को इस उपलब्धि के लिए आभार जताया। संवाद