- मूवमेंट होगी सुरक्षित, आतंकवाद ग्रस्त क्षेत्रों में मिलेगा लाभ
- कंपनी को 601 बुलेटप्रूफ शीशों का दिया ऑर्डर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पुलिस महकमे में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनाें के शीशे बुलेटप्रूफ होंगे। वाहनों के सामने, साइड और पीछे वाले शीशे रिप्लेस किए जाएंगे। महकमे ने ऐसे 601 बुलेटप्रूफ शीशे ऑर्डर किए हैं। निजी कंपनी से यह काम कराया जाएगा। हालांकि विभाग की सर्वे कमेटी शीशों का टेस्ट करेगी। माना जा रहा है कि वाहनों को किसी भी तरह के हमले से बचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है, क्योंकि पूर्व में देखा गया है कि आतंकियों ने नागरिकों, पुलिस और सेना के वाहनों को सामने से निशाना बनाकर सबसे पहले चालक को मारा। इसके बाद चारों तरफ से हमले किए गए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग में हर श्रेणी के अफसर को अलग-अलग वाहन मिले हुए हैं। गश्त करने के लिए अलग वाहन हैं। शीशे मुहैया कराने वाली कंपनी वाहनों में शीशे फिट करके देगी। इंसास, एके47 और एसएलआर जैसी राइफलों के 10 मीटर की दूरी और 90 डिग्री के एंगल से फायर होने पर भी ये शीशे फायर को सहने में सक्षम होंगे। इनकी कई और भी विशेषताएं हैं, जिनको साझा नहीं किया जा सकता, लेकिन भविष्य में पुलिस की मूवमेंट काफी सुरक्षित होगी। चाहे वो एक पुलिस चौकी का अफसर हो या फिर डीजीपी।
-
इन वाहनों का होता है इस्तेमाल
बताते चलें कि विभाग की ओर से बोलेरो, स्कॉर्पियो, अंबेसडर और बंकर वाहनों आदि का इस्तेमाल होता है। आतंकवाद ग्रस्त क्षेत्रों में वाहनों के बुलेटप्रूफ शीशे होने से काफी मदद मिलेगी। खासकर पुलिस के चौकी अफसरों और थाना प्रभारियों को। पिछले कुछ समय से कठुआ, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़ जैसे इलाकों में पुलिस के लिए गश्त करना एक नई चुनौती बनकर उभरी है।