जम्मू एयरपोर्ट को उपभोक्ता संतुष्टि सर्वेक्षण में देश भर में दूसरा स्थान मिला है। 58 घरेलू एयरपोर्ट पर हुए सर्वे में जम्मू एयरपोर्ट ने यह उपलब्धि हासिल की है। 2023 के लिए हुए सर्वे के पहले राउंड में जम्मू एयरपोर्ट पांचवें स्थान था, लेकिन दूसरे राउंड के सर्वे में तीन अंक का सुधार करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है।
देश भर में 58 एयरपोर्ट पर हर छह माह में ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण किया जाता है। इसमें यात्रियों को मिल रही सुविधाओं का उन्हीं से फीडबैक लिया जाता है। 2023 के पहले छह माह के सर्वे में जम्मू एयरपोर्ट 4.94 अंक के साथ पांचवें स्थान पर था, लेकिन अंतिम छह महीने के सर्वेक्षण में एयरपोर्ट ने 4.99 अंक हासिल किए हैं।
दूसरे स्थान पर जम्मू के साथ उदयपुर, गोरखपुर और देहरादून एयरपोर्ट भी है। सर्वेक्षण में विभिन्न मापदंडों का व्यापक मूल्यांकन किया गया। सर्वे में बेहतर प्रदर्शन जम्मू एयरपोर्ट के यात्री-केंद्रित सेवाओं और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। जम्मू एयरपोर्ट पर नवीन पहलों को अपनाया गया है।
जम्मू एयरपोर्ट के निदेशक संजीव कुमार गर्ग ने यात्रियों और हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण राउंड दो में देश भर में दूसरी रैंक हासिल करना हमारी टीम के समर्पण और उत्कृष्टता का प्रमाण है। यात्रियों के विश्वास के लिए आभारी हैं।
इन पांच बिंदुओं पर यात्रियों का फीडबैक लिया:
- साफ-सफाई, मौजूदा सुविधा, कर्मचारियों का व्यवहार, सुरक्षा व्यवस्था, एयरपोर्ट का वातावरण।
टॉप फाइव में ये एयरपोर्ट
- राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल
- जम्मू, उदयपुर, गौरखपुर और देहरादून
- राजा मुंदरी एयरपोर्ट
- लेह, बेलगाम, दरभंगा
- हुबली, मदुरई एयरपोर्ट
ये पहल की गईं
जम्मू एयरपोर्ट पर सफाई के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग, एयरपोर्ट परिसर में कार पार्किंग की सुविधा, दिल्ली के रात्रि फ्लाइट शुरू की, देहरादून सहित अन्य एयरपोर्ट के लिए फ्लाइट शुरू की गई हैं। रेस्टोरेंट व खान-पान की व्यवस्था में सुधार, चेक इन लाइन में प्रतीक्षा के समय को कम किया गया है।