-लोगों की पांच साल पुरानी समस्या का होगा समाधान, डीडीसी सदस्य ने किया लोकार्पण
अखनूर। विधानसभा छंब की राह पंचायत में 10 लाख की लागत का 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लग गया है। इसका लोकार्पण रविवार को भाजपा नेता एवं जिला विकास परिषद सदस्य पंडित सुरेश शर्मा ने किया। इसका पंचायत के तीन गांवों को फायदा होगा। लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
लोगों का कहना है कि अकसर क्षेत्र के लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ता था। लोगों की यह करीब पांच सील पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हुई है। सुरेश शर्मा ने खस्ता हालत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राह-सलयोट की बिल्डिंग की मरम्मत एवं नवीनीकरण भी करवाया। इस पर पांच लाख रुपये की राशि खर्च की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राह-सलयोट में न ही मुख्य द्वार था और बिजली की सुविधा। इमारत की हालत खराब होने से स्टाफ और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हाल ही में सुरेश शर्मा ने इस कार्य को मंजूरी दिलवाई थी, जिसका काम पूरा किया गया है। राह पंचायत के लोगों ने सुरेश शर्मा से अन्य मांगों को भी पूरा करने की मांग की।
बिना भेदभाव कराया जा रहा विकास : सुरेश शर्मा
सुरेश शर्मा ने कहा क्षेत्र के हर गांव में बिना भेदभाव के विकास कार्य किया जा रहे है। लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाना प्राथमिकता है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से क्षेत्र का विकास संभव हुआ है। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी चौकी चौरा तस्लीम वानी, सहायक कार्यकारी अभियंता विद्युत विभाग केवल कृष्ण, डॉ. विजय सुदन, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैप्टन बीडी शर्मा, बाबा पुरुषोत्तम कैप्टन दौलत राम, रतन वर्मा, नरेश कुमार, रमेश लाल, शाम लाल, कौशल गुप्ता, रणजीत सिंह व अन्य उपस्थित रहे।