पीड़ित लोगों और पार्षद का आरोप प्रशासन ने नहीं ली सुध, 24 घंटे तक स्वास्थ्य विभाग महिला की मौत से रहा अंजान
- प्रदेश में अब तक सात लोग जान गंवा चुके, बुखार के साथ अन्य गंभीर समस्याएं हो रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ/जम्मू। स्वास्थ्य विभाग भले ही डेंगू के डंक के नरम पड़ने के दावे कर रहा है, लेकिन यह और जानलेवा होता जा रहा है। जीएमसी के आईसीयू में 24 घंटे भर्ती रहने के बावजूद महिला की डेंगू से मौत हो गई। उसकी पहचान कठुआ शहर के वार्ड-3 शिवपुरी निवासी सुनीता कुमारी (56) के रूप में हुई है। कठुआ में डेंगू से दूसरी और प्रदेश में सातवीं मौत हुई है। बुखार के साथ मरीजों को अन्य गंभीर समस्याएं आ रही हैं। इस बीच जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को 89 नए मामले मिले। अब तक प्रदेश में उधमपुर से तीन, कठुआ से दो, राजोरी थन्नामंडी से एक और एक जम्मू से मौत हो चुकी है।
वार्ड-3 शिवपुरी में महिला की डेंगू से मौत के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जिला स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें जीएमसी जम्मू से कठुआ निवासी महिला की मौत की सूचना शुक्रवार देर शाम मिली। महिला कब से बीमार थी या जीएमसी जम्मू कब ले जाई गई, इसकी भी सूचना जानकारी है। वहीं, शहर में डेंगू से बचाव के दावों की भी पोल खुल रही है। वार्ड-3 के पार्षद और डेंगू पीड़ित महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि बढ़ते मामलों के बाद भी नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इलाके में नहीं पहुंचे। इस सीजन में एक बार भी फॉगिंग या स्प्रे नहीं करवाई गई।
पार्षद संजीव वैद्य का कहना है कि पिछले साल उन्होंने पूरे वार्ड में कई बार फॉगिंग करवाई थी। लेकिन इस पूरे सीजन के दौरान वार्ड में नगर परिषद ने फॉगिंग नहीं करवाई। अधिकारियों को बार-बार कहने के बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। वार्ड निवासी जिस महिला की डेंगू से जान गई है, उनके मोहल्ले में भी फॉगिंग नहीं हुई।
-
डेंगू पीड़ित के घर में भी नहीं हुई फॉगिंग और स्प्रे
स्थानीय निवासी विनेश्वर शर्मा ने बताया कि 2 दिन पहले ही उनकी भाभी की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके घर में स्लाइडें बनानी तो दूर अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने मरीज की सुध तक नहीं ली। उनके घर में ना तो स्प्रे की गई और ना ही फॉगिंग करवाई गई। बताया कि इस सीजन के दौरान एक बार भी फॉगिंग नहीं हुई। इलाके में कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। विभागों को अपनी जिम्मेदारी का पालन करना चाहिए।
शुक्रवार शाम को जीएमसी जम्मू से मिली सूचना-सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश मगोत्रा ने बताया कि उन्हें शुक्रवार शाम को ही उक्त मामले की सूचना मिली है। महिला की मौत डेंगू से हुई या किसी अन्य कारणों से उसकी पुष्टि शनिवार को ही हो सकेगी। फिल्हाल अब तक यही सूचना मिली है कि डेंगू पीड़ित महिला को उनके परिवार से सीधा जीएमसी जम्मू ही दाखिल करवाया था। उनकी मौत की सूचना मिली है। सुबह टीम भेजकर बाकी जानकारी ली जाएगी।
इसी बीच जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को डेंगू के 89 नए मामले मिले। इनमें जम्मू में 38, सांबा में 9, कठुआ में 11, उधमपुर में 25, रियासी में 5 और डोडा में एक है। अब तक 5212 केस मिल चुके हैं, जिसमें जिला जम्मू में सर्वाधिक 64 प्रतिशत 3339 मामले मिले। हालांकि पिछले कुछ दिन में मामलों में गिरावट आई है, लेकिन मौतों के आंकड़े से साफ है कि अभी डेंगू खतरनाक है।