अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। डेंगू का डंक शहर के साथ आसपास के इलाकों में बढ़ने लगा है। नए इलाकों में रोजाना मामले मिल रहे हैं। शहर के लगभग हिस्सों से डेंगू के नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के दावों को पोल खोल दी है। इस बीच मंगलवार को प्रदेश में 48 मामले मिले, जिसमें 37 जम्मू से हैं। इसी तरह कठुआ में भी डेंगू तेजी पकड़ रहा है। यहां चार मामले मिले। अगस्त में शहर के भीतरी हिस्सों में पंजतीर्थी, पुरानी मंडी, पलोड़ा, कनक मंडी, छन्नी हिम्मत, तालाब तिल्लो, जानीपुर, सरवाल, रिहाड़ी, बख्शीनगर आदि इलाकों से डेंगू के मामले मिल रहे थे, लेकिन नए मामलों में अब बाहरी इलाके नगरोटा, मिश्रीवाला, आरएस पुरा, बनतालाब आदि में डेंगू का डंक लोगों को परेशान कर रहा है।
नगर निगम की ओर से वार्ड स्तर पर फॉगिंग का दावा किया जा रहा है, लेकिन लगातार डेंगू के मिल रहे मामले दावों को चुनौती दे रहे हैं। अस्पतालों में भी डेंगू के लक्षण के संदिग्ध बुखार के मामलों का आना जारी है। जीएमसी के अलावा एसएमजीएस, गांधीनगर और सरवाल अस्पताल में मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। वहीं, बड़ी संख्या में मरीज निजी अस्पतालों का भी रुख कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार घरों और आसपास स्थल को ड्राई रखकर मच्छरों को पनपने से रोका जा सकता है।