आरएस पुरा। उपजिला आरएस पुरा में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वीरवार को चार नए मामले सामने आए हैं। छह दिन में 22 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से चार को जम्मू रेफर किया गया है। वहीं, 18 का घर पर उपचार जारी है। उपजिले में तीन-चार दिन से अस्पताल में डेंगू के रोगियों में बढ़ोतरी होने लगी है।
उपजिला अस्पताल में नियुक्त फिजीशियन डॉक्टर बलविंदर सिंह ने बताया कि डेंगू के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। जहां पहुंच रहे रोगियों का उपचार किया जा रहा है। हालते बिगड़ने पर अभी तक चार रोगियों को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। अभी तक छह दिन में 22 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, वीरवार को भी चार मामले मिले हैं। उधर, ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत स्तर पर कोई फॉगिंग नहीं होने और जागरूकता के अभाव के कारण लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। न तो स्वास्थ्य विभाग और न ही प्रशासन ध्यान दे रहा है। बीएमओ मोनिका जसरोटिया से दो बार मोबाइल फोन पर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया है। अगर वह इस बारे में जानकारी देना चाहेंगी तो प्रमुखता से प्रकाशित की जाएगी। नगर पालिका के चेयरमैन सतपाल पप्पी ने बताया कि कस्बे के 13 वार्ड में फॉगिंग करवाई गई है। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।
बैक टू विलेज तो सरकार की ओर से करवाया जा रहा है पर लोगों को मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही। डेंगू जैसी बीमारी को रोकने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
- ओम प्रकाश रेनयाल, निवासी वड़याल ब्राह्मणा
पहले गांवों में डीडीटी का छिड़काव करवाया जाता था। लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसका कारण डेंगू फैल रहा है।
- ओपी रैना, निवासी, मरलिया
ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत स्तर पर लोगों को डेंगू के बचाव के बारे में जागरूक करने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके लिए जगह-जगह कार्यक्रम करवाए जाने चाहिए।
- कुंदन लाल, प्रधान, जेके पीपल सेक्यूलर फोरम