कस्बे में रोज सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी, लोगों ने की फॉगिग की मांग
वार्ड एक से 11, चक मंगा, आराजी मोहल्ला, सिडको फेस प्रथम व सिडको फेस दो के कुछ क्षेत्र बनाए हाॅटस्पाट
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। बरसात का मौसम शुरू होते ही शहरवासियों को डेंगू का डर सताने लगा है। लोगों ने जिला प्रशासन से कस्बे में फॉगिंग करवाने की मांग की है। हालात यह हैं कि कस्बे में प्रत्येक दिन साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी का आलम बना हुआ है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने फॉगिंग के लिए कमर कस ली है। शहर में 15 जगह पर हॉट स्पॉट बनाए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने 1 से 11 वार्ड, चक मंगा, आराजी मोहल्ला, सिडको फेस प्रथम व सिडको फेस दो के कुछ क्षेत्र को हाॅटस्पाट बनाया है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी इन क्षेत्रों में पहुंचकर अभी से लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक कर रहे हैं। अधिकारी लोगों को आसपास पानी खड़ा न होने देने, फुल बाजू के कपड़े पहनने, जहां पानी खड़ा हो वहां पर तेल डालने के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
दो साल में आए डेंगू के 536 मामले
बता दें कि सांबा में साल 2022 में डेंगू के 300, जबकि साल 2023 में 236 मामले आए थे। लोग डर रहे हैं कि कहीं इस बार अधिक मामले न आएं। इसलिए उन्होंने मांग की है कि उनके वार्डों में अभी से फाॅगिंग करवाई जाए।
कस्बे की वार्ड 4 के कुछ मोहल्ले में गंदगी का आलम बना हुआ है। इससे मच्छरों के अधिक पनपने की आशंका है। पिछले वर्ष भी वार्ड में डेंगू के अधिक मामले आए थे। अभी तक मोहल्ले में फाॅगिंग ही नहीं करवाई गई है। उन्हें डेंगू फैलने का डर है।
नीलम सिंह
स्थानीय निवासी सांबा।
अमरनाथ यात्री आवास केंद्रों व लंगरों के आसपास फाॅगिंग करवाई जा रही है। कस्बे के कुछ वार्ड में भी फॉगिंग की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर ही कस्बे में फॉगिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा।
जोध राज
सीईओ नगर परिषद सांबा।
अब आम लोगों को ब्लाक स्तर पर ही डेंगू के सैंपल देने होंगे। स्वास्थ्य कर्मी लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाएंगे और सैंपल की रिपोर्ट भी मिल जाएगी। पहले लोगों को जिला अस्पताल जाना पड़ता था। स्वास्थ्य कर्मी लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
डॉ. सुरेश चंद्र
बीएमओ स्वास्थ्य विभाग सांबा।
जिला अस्पताल में डेंगू की वार्ड बनाई गई है। मरीजों के लिए पूरी सुविधा रखी गई है। अभी तक डेंगू का कोई मरीज नहीं आया है। स्टाफ डेंगू के निपटने के लिए पहले से ही तैयार है।
डॉ. मोहिंद्र कुमार
अधीक्षक, जिला अस्पताल सांबा।