अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नरवाल स्थित चीफ इंजीनियर कांप्लेक्स पर बुधवार को पीएचई इंप्लाइज युनाइटेड फ्रंट के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने सरकार से डीपीसी (डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी) के साथ डेलीवेजरों को स्थायी करने और एसआरओ 149 का कर्मचारियों को लाभ देने की मांग की। वक्ताओं में अलबदर राज ने कहा कि पिछले 25 साल से पीएचई फील्ड स्टाफ की डीपीसी नहीं की गई है, जिससे उन्हें पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया है। इससे कई कर्मचारी ओवरएज और कई सेवानिवृत्त हो गए हैं। इसलिए कर्मचारियों के हितों के लिए शीघ्र डीपीसी की जाए। इसके साथ संबंधित एसआरओ के तहत कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। लेकिन अचानक अब उनसे एसआरओ के लाभ वापस ले लिए गए हैं। इसी तरह विभाग में 75 प्रतिशत डेलीवेजर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि 25 प्रतिशत ही स्थायी कर्मचारी बचे हुए हैं। जिससे डेलीवेजरों को स्थायी करने पर सरकार को गंभीरता से सोचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी जायज मांगों पर गौर नहीं किया तो वे आगामी बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।