जम्मू। प्रधानमंत्री पैकेज के तहत कश्मीर में लगे कर्मचारियों के लिए वर्क फ्राम होम का तंत्र विकसित किया जाए। यह मांग नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के वरिष्ठ नेता अजय कुमार सडोत्रा ने लक्षित हत्याओं पर चिंता जताते हुए उठाई है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भी इस तंत्र से काम करने के बेहतर परिणाम मिले हैं। सरकार की नीतियों का खामियाजा निर्दोष कर्मचारी भुगत रहे हैं। सत्ता पक्ष के नेता व प्रशासक लोगों के बीच विश्वास पैदा करने में विफल रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि बैठक में आरक्षित श्रेणी के कर्मचारियों के ज्वलंत मुद्दों को शामिल नहीं किया गया। कर्मचारी अपने हक के लिए भीषण गर्मी के बाद अब कड़ाके की ठंड में सड़कों पर हैं। सरकार की नीतियों से हजारों परिवार दयनीय स्थिति में हैं। प्रशासन मनोवैज्ञानिक दृष्टि से भी कर्मचारियों को कमजोर करने का काम कर रहा है। कर्मचारियों के लंबित वेतन को जल्द जारी किया जाए और काम पर लौटने के लिए दबाव नहीं बनाया जाए। प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाएं।