जम्मू। राष्ट्रीय राजमार्ग और मुगल रोड पर फलों से लदे ट्रकों की सुचारू आवाजाही होनी चाहिए। कई दिनों तक ट्रकों को रोकने से फल खराब हो रहे हैं, जिससे नुकसान हो रहा है। यह मांग आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता प्रताप जमवाल ने प्रेसवार्ता में उठाई है। उन्होंने यातायात पुलिस से ऐसे वाहनों की आवाजाही सुचारु करने के लिए प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेब तुड़ाई सीजन के बावजूद सरकार ने फलों से लदे ट्रकों की सुचारू आवाजाही के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। परिवहन व विभिन्न कारणों से फसल को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भूस्खलन आदि कारण से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहती है। इसका असर सेब बागबानों, ट्रक चालकों पर पड़ता है। हाल ही में यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर फल से लदे ट्रकों की सुचारू आवाजाही के दावे किए थे, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं दिख रहा है।