जम्मू। जम्मू में कश्मीरी पंडितों के क्वार्टरों की मरम्मत और नियमित बिजली-पानी की आपूर्ति करवाई जाए। उधमपुर जिले में रह रहे कश्मीरी विस्थापितों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाए। ये मांगें विस्थापित कश्मीरी पंडितों ने अपनी पार्टी इकाई संयोजक विनोद पंडिता और संजय धर की अगुवाई में राहत आयुक्त जम्मू टीके भट्ट से मुलाकात कर उठाईं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग उठाई कि सभी विस्थापित शिविरों में ड्रेनेज सिस्टम स्थापित किए जाएं। प्रधानमंत्री रोजगार पैकेज में नौकरी कर रहे विस्थापित युवाओं को सरकारी आवास सुविधा देने की भी मांग की। राहत आयुक्त ने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को सरकार के समक्ष रखकर हल करवाया जाएगा।