बिश्नाह के चक चिमना गांव में वार्षिक दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। बिश्नाह के चक चिमना गांव में वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें जम्मू कश्मीर, पंजाब और दिल्ली के पहलवानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में भाजपा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अश्विनी कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान उनके साथ समाज सेवक एवं वरिष्ठ डॉक्टर राजीव भगत और पंचायत के पूर्व सरपंच विजय सिंह विशेष तौर पर मौजूद रहे। दंगल में पहलवानों ने अपने दमखम से सबको हैरान कर दिया। दंगल में पहले नंबर की कुश्ती सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रही। पहले नंबर की कुश्ती में जम्मू कश्मीर के पहलवान दलेर खान का मुकाबला दिल्ली के पहलवान नीरज कुमार के साथ हुआ। नीरज कुमार ने जबरदस्त दांव लगाते हुए जम्मू कश्मीर के पहलवान दलेर खान को पटकनी देते हुए वार्षिक दंगल का मुख्य मुकाबला अपने नाम कर लिया। नीरज कुमार को माली के रूप में 16000 रुपए नकद इनाम दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अश्विनी कुमार शर्मा ने दंगल कमेटी को कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए शुभकामनाएं दी।