अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नवाबाद पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कॉमर्स कॉलेज के पास मिले शव की पहचान हो गई। मृतक कार्तिक शर्मा सरवाल का था। ताइक्वांडो खिलाड़ी कार्तिक पुलिस महकमे में कांस्टेबल चयनित हो चुका था। अब ज्वॉइन करना था। मां और बहन ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है। कहा कि कार्तिक के कुछ दोस्त साथ ले गए थे और दो दिन लापता होने के बाद तीसरे दिन पता चला कि उसका शव मिला है। मां मधु शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर कार्तिक दोस्तों के साथ बाहर गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। वह लगातार मोबाइल फोन पर कॉल कर रहे थे, बाद में फोन बंद हो गया। सोमवार को सरवाल पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार सुबह पुलिस ने सूचित किया कि शव मिला है। मधु ने कहा कि बेटे की हत्या की गई है। इसके लिए उसके दोस्त जिम्मेदार हैं, जिन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
नशा नहीं करता था भाई
कोमल का कहना है कि भाई की बाजू पर इंजेक्शन लगने के निशान है, लेकिन वह कोई नशा नहीं करता। आरोप लगाया कि दोस्तों ने ही उसे जबरन इंजेक्शन लगाए जिससे उसकी मौत हो गई। बताया कि वह ताइक्वांडो का खिलाड़ी था। यहां तक कि ब्राहमण सभा में ताइक्वांडो के गुर सिखाने के लिए जाता था।
9 महीने पहले पिता खोया, अब बेटा
कार्तिक के पिता राकेश शर्मा एएसआई थे। करीब 9 महीने पहले उनका देहांत हो गया। पड़ोस में रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता चंदन दत्ता ने कहा कि 9 महीने पहले मधु शर्मा ने पति खोया था और अब बेटा खो दिया। वह मां-बाप का अकेला बेटा था। दत्ता ने मांग करते हुए कहा कि कार्तिक की हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए।
दस दिन बाद जाना था प्रशिक्षण पर
परिवार का कहना है कि कार्तिक का एसआरओ 43 के तहत पिता की मौत के बाद पुलिस महकमे में बतौर कांस्टेबल चयन हो चुका था। दस दिन के बाद ही प्रशिक्षण पर जाना था।