जम्मू। जानीपुर में रिश्तेदार के घर आए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक कमल किशोर किश्तवाड़ का रहने वाला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। वह पूर्व बैंक मैनेजर थे और इस समय निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाते थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी भी किश्तवाड़ में शिक्षक हैं। कमल किशोर अपने रिश्तेदार के घर किराये पर रहते थे। फिलहाल उनका परिवार भी यहां आया हुआ था। वीरवार रात को कमल ने बाहर से खाना मंगवाया। खाना खाने के बाद वह बर्तन लेकर रसोई में गए और वहीं पर गिर पड़े। रिश्तेदार ने उनको रसोई में बेसुध पड़ा हुआ देखा। इसके बाद उसे जीएमसी पहुंचाया गया जहां जांच में डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।