निजी स्कूल प्रिंसिपलों के साथ बैठक करते डीसी जम्मू
-अभिभावकों को बच्चों के लिए असुरक्षित निजी वाहन किराये पर लेने से बचने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिले में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी का सख्ती से पालन हो, इसके लिए डीसी जम्मू सचिन वैश्य ने सभी निजी स्कूलों के प्रिंसिपलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निजी स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा के सभी जरूरी प्रबंध व उपकरण लगने को कहा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में प्रशासन संबंधित विभागों के साथ मिलकर औचक निरीक्षण करेगा। इस दौरान स्कूल बसों की में अगर किसी तरह से भी सुरक्षा नियमों का पालन नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को डीसी जम्मू ने निजी स्कूल प्रिंसिपलों के साथ स्कूल परिवहन सुरक्षा पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के लिए असुरक्षित निजी वाहन किराये पर लेने से बचने को कहा। डीसी ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है। छात्रों के किसी भी अनधिकृत या असुरक्षित परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों को भी आगाह किया कि अगर किराये पर लिए वाहन में भीड़भाड़ के कारण कोई दुर्घटना हुई तो उन्हें भी उसमें समान रूप से जिम्मेदार ठहराया जाएगा। बैठक में मौजूद स्कूल प्रिंसिपलों ने स्वयं की स्कूल बसों के साथ-साथ अभिभावकों द्वारा किराये पर लिए गए अन्य निजी परिवहन के संबंध में अपनी बात रखी। उन्होंने अभिभावकों के बीच सुरक्षित परिवहन के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने व छात्रों के लिए सुरक्षित परिवहन प्रदान करने के अन्य संभावित तरीकों का पता लगाने का आग्रह किया है। बैठक में एडीसी अनसूया जमवाल, एडीसी शिशिर गुप्ता, एसएसपी ट्रैफिक सिटी फैसल कुरैशी के अलावा एआरटीओ और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।