- डीसी ने इंद्री व बकोर गांव में दरिया के बढ़ते जलस्तर हो रहे भूमि कटाव से बचाव के लिए उठाए कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। डीसी जम्मू सचिन कुमार वैश्य ने मंगलवार को इंद्री और बकोर गांव का दौरा किया। उन्होंने नियंत्रण विभाग को 10 लाख रुपये के काम तुरंत करने का आदेश दिया। इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा के तहत सुरक्षात्मक बांध और क्रेट लगाने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि इंद्री पत्तन क्षेत्र में चिनाब के बढ़ते जलस्तर से भूमि कटाव को लेकर लोगों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से आपातकालीन कदम उठाने की मांग की थी। इसके चलते मंगलवार को डीसी सचिन कुमार वैश्य ने इंद्री और बकोर गांवों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ एसएसपी डॉ. विनोद कुमार और एडीसी शेर सिंह भी थे।
डीसी ने बताया कि बीते एक साल से लोग लगातार बाढ़ नियंत्रण विभाग को बांध व क्रेट लगाने के लिए कह रहे हैं। लोगों ने बताया कि चिनाब के बढ़ते जलस्तर से गांवों में जमीन के कटाव और रिहायशी इलाके में पानी के प्रवेश का खतरा बना हुआ है।
वहीं, बरसात को देखते हुए सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट खौड़ सतीश शर्मा ने आपातकालीन राहत और निकासी टीमों को इकट्ठा करने के लिए आदेश जारी किए हैं। मंगलवार से ही डीसी जम्मू की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार बाढ़ सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए जमीनी कार्य शुरू कर दिया गया।