श्रीनगर में हरियाणा के राज्यपाल
- फोटो : बासित जरगर
हरियाणा के राज्यापल बंडारू दत्तात्रेय ने सोमवार को श्रीनगर के बीचोबीच स्थित घंटाघर लाल चौक का दौरा किया। कश्मीर में अमन और शांति देख ख़ुशी का इज़हार किया। उन्होंने कहा कि बताया गया था कि यहां बहुत अमन और शांति है। विश्वास है, जम्मू कश्मीर ऐसे ही आगे बढ़ेगा।
बंडारू दत्तात्रेय ने लाल चौक में घंटा घर के पास पत्रकारों से बात करते हुए कहा, श्रीनगर आकर ख़ुशी हो रही है। वाजपेयी सरकार में रेल मंत्री रहने के दौरान यहां आया था। उस समय ज्यादा घूम नहीं पाया था। इस बार मेरी लाल चौक आने की बहुत इच्छा थी। आज लाल चौक में घंटा घर को देख कर मन को प्रसन्नता मिली। लाल चौक में जो घंटा घर है, यह एक ऐतिहासिक स्थल है क्योंकि यहां से कई आंदोलनों की शुरुआत हुई है।
उन्होंने कहा कि यहां अमन, शांति, भाईचारा और बढ़ना चाहिए और श्रीनगर शहर समेत जम्मू कश्मीर और तरक्की करे। दत्तात्रेय के कहा कि यहां के युवा आगे बढें और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने इससे पहले शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक प्राचीन शिव मंदिर में भी दर्शन किए। उन्होंने बताया कि वह खीर भवानी मंदिर में भी दर्शन के लिए जाएंगे।