अखनूर। गांव सुनैल में वीरवार को दंगल कमेटी ने सरपंच प्रशांत सागर की देखरेख में वार्षिक दंगल करवाया। इसमें कुश्ती के 50 मुकाबले करवाए गए। डीएसपी केडी भगत और जम्मू टीम के चेयरमैन जोरावर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। बड़ी माली की कुश्ती एक लाख 51 हजार रुपये की थी, इसके लिए दिल्ली के मोनू और पंजाब के परपिंदर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें मोनू की विजय हुई। दूसरी माली एक लाख रुपये की थी, जिसमें वीनिया और प्रतिपाल के बीच मुकाबला हुआ। प्रतिपाल विजयी रहे। डीएसपी भगत ने युवाओं को प्रेरित किया कि नशे से दूर रहकर खेलों में अधिक रुचि लें। कमेटी के चेयरमैन सरपंच प्रशांत सागर ने बताया कि ऐतिहासिक दंगल में क्षेत्र के सभी लोगों का सहयोग रहा। इस मौके पर युवा राजपूत बिरादरी के अध्यक्ष राजान सिंह, विभीषण सिंह, चंचल सिंह आदि मौजूद थे।