मखनपुर के वार्षिक दंगल में बड़ी माली अपने नाम की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। गांव मखनपुर में नांगा पीर देवस्थान पर रविवार को वार्षिक दंगल का आयोजन हुआ। इसमें बिश्नाह विधानसभा के पूर्व विधायक अश्विनी कुमार शर्मा मुख्य अतिथि रहे। दंगल में लगभग 50 कुश्तियां करवाई गईं, जिनमें सबसे ज्यादा आकर्षण पहले और दूसरे नंबर की कुश्ती रही। पहली कुश्ती में अमृतसर के पहलवान बसंत का मुकाबला दिल्ली के पहलवान युद्धवीर के साथ हुआ। इसमें दोनों पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बसंत पहलवान ने जबरदस्त दांव लगाते हुए युद्धवीर को हराकर मुकाबला अपने नाम किया।
बसंत पहलवान को पहली माली के रूप में 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, दूसरा मुकाबला पम्मा पहलवान डेरा बाबा नानक तथा जिंदर पहलवान लुधियाना के बीच हुआ। इसमें दोनों पहलवानों ने खूब दमखम लगाया, और अंत तक मुकाबले का नतीजा नहीं निकला। तब आयोजकों ने दोनों पहलवानों को 15-15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। मुख्य अतिथि ने बताया कि गांव के लोगों की बाबा नांगा पीर देवस्थान में बहुत आस्था है। हर वर्ष इस देवस्थान पर दंगल और मेले का आयोजन किया जाता है।